Wednesday, 3 October 2012

गुजरात में हक मांगने पर गोली मिलती है: सोनिया


गुजरात में हक मांगने पर गोली मिलती है: सोनिया

 

यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी राजकोट में नरेंद्र मोदी की सरकार पर जमकर बरसीं। उन्होंने गुजरात में कांग्रेस के चुनाव प्रचार की शुरुआत करते हुए एक रैली में कहा कि गुजरात में हक मांगने पर गोली मिलती है। उन्होंने मोदी का नाम लिए बगैर कहा कि उनके (कांग्रेस के) विरोधियों को तरक्की नहीं दिखती है। वे सिर्फ बर्बादी और अंधकार की बातें कर देश को गुमराह करते हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग सिर्फ तरक्की का तमगा लगाए घूम रहे हैं। कांग्रेस ने जितना विकास किया, उतना किसी ने नहीं किया। सोनिया ने कहा कि गुजरात में कोई सुरक्षित नहीं है। महिलाओं पर अत्याचार हो रहा है। दलितों को हक मांगने पर गोलियां मिलती हैं।

सोनिया ने मोदी सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुए सवाल किया कि राज्य सरकार ने वैट कम कर लोगों को महंगाई से राहत क्यों नहीं दी? उन्होंने कहा कि गुजरात में वैट सबसे अधिक है। कांग्रेस की सरकारों ने अपने-अपने राज्यों में वैट कम कर लोगों को महंगाई से राहत दी है। कांग्रेस शासित राज्यों की सरकारें सब्सिडी वाले 9 सिलिंडर दे रही हैं।

सोनिया गांधी ने यह भी पूछा कि राज्य में अभी तक लोकायुक्त की नियुक्ति क्यों नहीं की गई है। उन्होंने करप्शन को लेकर बीजेपी की नीयत पर भी सवाल उठाए। सोनिया ने कहा बीजेपी करप्शन नहीं, बल्कि सिर्फ कांग्रेस के खिलाफ है। उन्होंने मोदी सरकार से पूछा कि वह विकास के बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन सौराष्ट्र के किसान खुदकुशी क्यों कर रहे हैं? नर्मदा का पानी अभी तक सौराष्ट्र तक क्यों नहीं पहुंचा है?

No comments:

Post a Comment